भागीरथपुरा कांड व मनरेगा पर सरकार की साज़िश के खिलाफ कांग्रेस का एकदिवसीय उपवास।
सैलाना। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों और भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के कानूनी अधिकार को समाप्त करने की कथित तैयारी के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में एकदिवसीय उपवास का आयोजन किया गया। इसी क्रम में रतलाम जिले के सैलाना नगर में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी सब्ज़ी मंडी चौराहा के समीप एक दिवसीय उपवास रखा।
उपवास के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने कहा,“पानी बना ज़हर, सिस्टम बना हत्यारा—न्याय के लिए यह उपवास रखा है।” उन्होंने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि इंदौर जैसे बड़े शहर में दूषित पेयजल की आपूर्ति प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाती है, जो सीधे तौर पर आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा जैसी गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्ग की जीवनरेखा योजना के अधिकारों को कमजोर करना सीधा अन्याय है। गेहलोत ने कहा भागीरथपुरा में दूषित पानी ने कई निर्दोष लोगों की जान ले ली। अनेक परिवार अपने अपनों को खो चुके हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। गरीबों को रोजगार की गारंटी देने वाली मनरेगा योजना के कानूनी अधिकार को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।
मैं साफ कहना चाहता हूं—न मौतों पर चुप्पी चलेगी, न गरीबों का हक छीनने दिया जाएगा। यह लड़ाई न्याय की है और यह जारी रहेगी।”उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा। कार्यक्रम में पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, वीरेंद्र सोलंकी (आलोट), लक्ष्मण डिंडोर, चंद्रशेखर शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश कुमावत,पूर्व नप अध्यक्ष जगदीश पाटीदार,श्रीराम चौधरी, हनी गेहलोत, पुर्व महामंत्री दिलीप कुमावत, नप अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, पूर्व पार्षद हेमंत कुमावत, दिनेश सोनी, लाला कुमावत, विवेक बोराणा, इरफान पठान,मोहित डामर,बाजना ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश डामर, अख्तर भाई, बाबुलाल चंडालिया, उकार जी,कारूलाल निनामा छगन भगोरा सहित अनेक कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मंगलेश कसेरा ने किया तथा आभार सैलाना ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश डिंडोर ने व्यक्त किया।

Post a Comment
0 Comments