Type Here to Get Search Results !
search tv halchal

*ओवरलोडिंग पर आखिर चला चालानी डंडा* *अंतिम चेतावनी के बाद पुलिस की कार्रवाई, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले वाहनों के काटे चालान*

 *ओवरलोडिंग पर आखिर चला चालानी डंडा*

*अंतिम चेतावनी के बाद पुलिस की कार्रवाई, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले वाहनों के काटे चालान*

सैलाना। सोयाबीन कटाई के सीजन में मजदूरों को क्षमता से कई गुना अधिक बैठाकर परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को चालानी कार्रवाई शुरू कर दी। लगातार समझाइश और अंतिम चेतावनी के बावजूद ओवरलोडिंग जारी रहने पर पुलिस टीम ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान बनाए।

सैलाना अंचल में इन दिनों आदिवासी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मजदूर सोयाबीन कटाई के लिए गांवों और खेतों की ओर आ-जा रहे हैं। इसी दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन-चार सवारियां, ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक मजदूर तथा तूफान सहित अन्य वाहनों में ठूंस-ठूंसकर सवारियां बैठाकर परिवहन करने के मामले सामने आ रहे थे। ऐसे वाहनों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अब सख्ती शुरू कर दी है।

समझाइश के बाद भी जारी रही ओवरलोडिंग।

पुलिस ने पिछले दिनों वाहन चालकों को ओवरलोडिंग नहीं करने की समझाइश दी थी। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि इसके बाद नियमों का उल्लंघन मिलने पर सीधे चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कई मार्गों पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहनों का संचालन जारी रहा। इसी के चलते गुरुवार को पुलिस ने सड़कों पर उतरकर कार्रवाई की।

बोदीना बायपास मार्ग पर पुलिस टीम ने वाहनों को रोककर जांच की। इस दौरान सवारियों की संख्या के साथ वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी देखे गए। क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान 6 बड़े ओवरलोड वाहनों के चालान काटे गए। वहीं दो बाइक पर तीन-तीन सवारियां मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

लाइसेंस, परमिट और बीमा की भी जांच।

पुलिस द्वारा केवल ओवरलोडिंग की जांच ही नहीं की जा रही, बल्कि वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, बीमा, फिटनेस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जांचे जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

घाट और पहाड़ी मार्गों पर बढ़ता है हादसे का खतरा।

सैलाना क्षेत्र में कई ऐसे मार्ग हैं, जहां घाट, तीखे मोड़ और पहाड़ी रास्ते हैं। ऐसे मार्गों पर क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां लेकर चलने वाले वाहन दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ओवरलोडिंग के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ने और आपात स्थिति में नियंत्रण खोने की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इनकी रही कार्रवाई में मौजूदगी।

एसडीओपी लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिंकी आकाश, एसआई शिवाजी राव जगताप, प्रधान आरक्षक संदीप भदोरिया, अभिषेक पाठक, आरक्षक तूफान सिंह भूरिया, मनीष खराड़ी, आनंद भाटी सहित पुलिसकर्मी चालानी कार्रवाई में मौजूद रहे।

एसडीओपी लेखराज मीणा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि ओवरलोडिंग को लेकर समझाइश का दौर पूरा हो चुका है। इसके बाद नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

एसडीओपी लेखराज मीणा ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहनों पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं तथा चारपहिया वाहनों में भी निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को लेकर यात्रा न करें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Post a Comment

0 Comments