घर में युवक की हत्या, रस्सी से पैर बांधकर नाले में फेंका शव, सरवन के समीप बोरदा गांव की घटना, घर में मिले खून के धब्बे और खून से सनी कुल्हाड़ी; पुलिस ने जांच शुरू की
सैलाना/सरवन। सरवन के समीप आदिवासी ग्राम बोरदा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव घर से कुछ दूरी पर नाले में मिला। उसके दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। गर्दन, गाल और सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। वहीं, शव का बायां हाथ का कुछ हिस्सा अज्ञात जानवर द्वारा खाए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार मृतक की पहचान *भीमा चरपोटा पिता मनोहर चरपोटा* के रूप में हुई है। मृतक के सगे काका भीमा ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर की शाम उन्होंने मृतक की पत्नी ललिता से पूछा कि भीमा कहां गया है। इस पर ललिता ने बताया कि वह दानपुर गया है। रात करीब 9 बजे दोबारा पूछने पर भी ललिता ने बताया कि भीमा अभी तक दानपुर से वापस नहीं आया है।
2 सितंबर की सुबह सवजी मईडा ने मृतक के काका भीमा को बताया कि भीमा उसके घर के पास से निकलने वाले नाले में मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही काका मौके पर पहुंचे और उन्होंने भतीजे को नाले के पास चित अवस्था में पड़ा देखा। मृतक की गर्दन, गाल और सिर पर गहरी चोट के निशान थे तथा खून जम चुका था। उसके दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
*घर में मिले खून के निशान*
फरियादी के अनुसार मृतक की पत्नी ललिता घटना के बाद घर से गायब थी। घर के अंदर कई स्थानों पर खून के धब्बे मिले, जिन्हें गोबर से लीपने का प्रयास किया गया था। घर में रखे पलंग पर भी खून के निशान मिले। वहीं समीप रखी एक कुल्हाड़ी पर भी खून लगा हुआ बताया गया है।
मृतक के काका ने पुलिस को आशंका जताई है कि मृतक की पत्नी ललिता ने ही घर में उसकी हत्या कर शव के पैर रस्सी से बांधकर नाले में फेंका होगा। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटना में किसकी भूमिका है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
*पुलिस ने शुरू की जांच*
घटना की सूचना मिलते ही बेडदा और सरवन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका पंचनामा बनाया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

Post a Comment
0 Comments