जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा व जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष के प्रयासों से रतलाम जिले के 25 नवीन शासकीय विद्यालय भवन हुए स्वीकृत।
रतलाम- जिले में शिक्षा के क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष केशुराम निनामा के सतत संघर्ष, निरंतर प्रयासों और आर्थिक संसाधनों के लिए किए गए प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप रतलाम जिले सहित सैलाना एवं बाजना विकासखंड के अनेक शासकीय विद्यालयों के नवीन भवनों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने बताया कि रतलाम जिले में लगभग 25 नवीन शासकीय विद्यालय भवनों के निर्माण को मंजूरी मिली है, जिन पर लाखों रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जाएगा। इन भवनों के निर्माण से लंबे समय से जर्जर एवं भवन विहीन विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
बाजना विकासखंड में जिन विद्यालयों के भवन स्वीकृत हुए हैं, उनमें यूपीएस हाडीखोरा, पीएस सालरापाड़ा, पीएस गुंदीपाड़ा, ईजीएस जाबुवानिया, पीएस छावनी कमजी, ईजीएस राजापुरा माताजी, पीएस धामनिया, ईजीएस कंडवाल, पीएस रायपाड़ा, पीएस डाबड़ी, पीएस नरसिंग नाका, पीएस छावनी भाभर, पीएस सारवाड़ तथा पीएस मालदाखेड़ी सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।
इसी प्रकार सैलाना विकासखंड में पीएस शिवजी का टापरा, पीएस पीडवारा, पीएस अलकाखेड़ा, ईजीएस मातर, पीएस बरपटी सहित अन्य विद्यालयों के नवीन भवनों के निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नवीन विद्यालय भवन बनने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने यह भी कहा कि ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण मिल सके।

Post a Comment
0 Comments