सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीबीएमओ डॉ. पुनमचंद कोली सेवानिवृत्त, सम्मान समारोह में दी गई भावभीनी विदाई।
सैलाना- सैलाना नगर का शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सक एवं सीबीएमओ डॉ. पुनमचंद कोली गुरुवार को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए है। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ब्लाक मेडिकल आफिसर डा. शैलेश डांगे सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।
डॉ. कोली का जन्म 9 अप्रैल 1961 को रतलाम जिले में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा रतलाम में पूर्ण करने के बाद उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल से वर्ष 1998 में एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने वर्ष 1999 में जिला चिकित्सालय रतलाम में संविदा के आधार पर अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं। जहां उन्होंने छह माह तक कार्य किया।
वर्ष 2000 में डॉ. कोली ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली में चिकित्सा अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देना शुरू किया। उनकी मेहनत और लगन के चलते वर्ष 2004 में लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर वे नियमित रूप से शासकीय सेवा में नियुक्त हुए। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2006 से 2010 तक उन्होंने बाजना ब्लाक के चंद्रगढ में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इसके बाद 2011 से 2013 तक अलीराजपुर में डीपीएम के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2013 से 2018 तक वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में कार्यरत रहे और 2018 से 2022 तक उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2023 में पदोन्नत होकर वे पुनः सैलाना में सीबीएमओ के पद पर पदस्थ हुए और सेवानिवृत्ति तक सेवाएं देते रहे।
अपने सेवा काल के दौरान डॉ. कोली ने न केवल चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया, बल्कि विभिन्न शासकीय योजनाओं और स्वास्थ्य अभियानों में भी सक्रिय योगदान दिया। उनके सरल स्वभाव, मृदुभाषिता और सेवा भावना के कारण वे सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे।
सेवानिवृत्ति समारोह में वक्ताओं ने उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. कोली ने अपने पूरे कार्यकाल में मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखा। कार्यक्रम के अंत में बीएमओ डा. शैलेश डांगे ने उन्हें अभिनंदन पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना के समस्त स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसी दौरान बीएमओ डॉक्टर शैलेष डांगे, डॉ रमेश कटारा, डॉ रिया हजारिका, बी कैलाश यादव, मुकेश खागुड़ा, विजय सोनी, बी एल मचार, अनवर बानो, सीमा कटरा, चेतना चारेल, सुमित्रा सनोतिया एवं समस्त स्टाफ द्वारा उनका स्वागत किया गया।

Post a Comment
0 Comments