*सैलाना में पहली बार आईपीएस एसडीओपी, जनता का भरोसा बढ़ाना प्राथमिकता*
सैलाना। नवागत एसडीओपी आईपीएस लेखराज मीणा ने कहा कि पुलिस भी समाज का ही एक हिस्सा है। जनता की सुरक्षा में कोई चूक न हो और आमजन के मन में पुलिस के प्रति विश्वास न केवल बना रहे, बल्कि और मजबूत हो, इसके लिए पूरी लगन से प्रयास किए जाएंगे। प्रेस और पुलिस के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बने रहें तथा जनहित में मीडिया का पुलिस को सहयोग मिलता रहे, यह भी प्राथमिकता रहेगी। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।
-सैलाना में पहली बार आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति
सैलाना पुलिस अनुविभाग बने तीन दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक यहां पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के पद पर किसी आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई थी। आमतौर पर राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी ही यहां एसडीओपी पद पर पदस्थ रहे हैं। जिले में जावरा के बाद सैलाना में आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति हुई है। मीणा सैलाना में एसडीओपी पद पर पदस्थ होने वाले पहले आईपीएस अधिकारी हैं।
शुक्रवार सुबह सैलाना प्रेस क्लब परिवार ने नवागत एसडीओपी लेखराज मीणा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान आत्मीय माहौल में अनौपचारिक चर्चा हुई और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा यातायात सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
-जनता का भरोसा बनाए रखना पहली प्राथमिकता
मीणा ने कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखना और उसे और मजबूत करना पहली प्राथमिकता रहेगी। चोरियों पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था में सुधार, रंगदारी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक और आमजन को अपनी शिकायत लेकर निडर होकर पुलिस तक पहुंचने का माहौल बनाने के प्रयास किए जाएंगे। असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय रहे, जबकि आमजन पुलिस को मित्र के रूप में महसूस करे, इसी दिशा में काम किया जाएगा।
-रात्रिकालीन गश्त होगी और मजबूत
मीणा ने रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस अमले को निर्देश दिए गए हैं कि रात्रि गश्त के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। छोटी से छोटी चोरी की घटना को भी गंभीरता से लिया जाएगा। मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया जाएगा तथा सूचीबद्ध चोरों और बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रेस और आमजन से सीधा संवाद भी लगातार बना रहेगा।
-यातायात व्यवस्था पर भी रहेगी निगाह
चर्चा के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी एसडीओपी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ओवरलोडिंग की रोकथाम के लिए कार्रवाई शुरू की जा चुकी है।
मीडिया कर्मियों ने लंबी दूरी की बसों द्वारा यात्रियों को सैलाना शहर से दूर बायपास पर उतारने से होने वाली परेशानी से भी एसडीओपी को अवगत कराया। मीणा ने इस संबंध में शीघ्र एसडीएम से समन्वय कर समस्या के समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। तेज गति से दोपहिया वाहन चलाने वाले बालिग एवं नाबालिग चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई का अभियान चलाने की बात कही।
-ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेश मालवीय, संरक्षक वीरेंद्र त्रिवेदी, विमल मांडोत, परामर्शदाता संतोष धाभाई, सचिव विमल कटारिया, उपाध्यक्ष कैलाश परिहार, संजय शर्मा, मनोज भंडारी, सुनील परिहार, नितेश राठौड़, कृष्णा राठौड़, धर्मेंद्र मालवीय, निखिल माहेश्वरी सहित प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment
0 Comments